प्रत्येक विस की पांच-पांच वीवीपैट मशीनों की पर्चियों का ईवीएम के रिकार्ड से होगा मिलान
एक राउंड खत्म होने के बाद ही सभी टेबल पर एक साथ शुरू होगा दूसरा राउंड
ईवीएम ओर वीवीपैट का रिकार्ड मिलान होने के बाद ही घोषित होगा परिणाम
शामली। इस बार मतगणना के दौरान सभी टेबल पर एक राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद ही दूसरे राउंड की ईवीएम मशीन लाई जाएंगी। यही नहीं ईवीएम से मतगणना के बाद प्रत्येक विधानसभा के पांच-पांच बूथों की वीवीपैट पर्चियां निकालकर उसके रिकार्ड का मिलान ईवीएम मशीन के रिकार्ड से होगा। इन व्यवस्थाओं के चलते इस बार मतगणना में काफी समय लग सकता है। अधिकृत परिणाम घोषित होने में रात भी हो सकती है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम अखिलेश सिंह के अनुसार चुनाव मतगणनना के लिए चुनाव आयोग ने कुछ नई व्यवस्थाएं दी हैं। इस बार सभी टेबल पर एक राउंड की मतगणना खत्म होने के बाद ही दूसरे राउंड की मतगणना शुरू होगी। अभी तक व्यवस्था थी कि यदि किसी टेबल पर एक राउंड खत्म हो गया था तो उस टेबल पर दूसरे राउंड की वोटिंग मशीन लाकर गिनती शुरू कर दी जाती थी। ऐसे में किसी टेबल पर दूसरा राउंड शुरू हो जाता था तो किसी टेबल पर पिछले राउंड की ही काउंटिंग होती रहती थी। नई व्यवस्था के तहत यदि अब सभी टेबल पर एक राउंड पूरा होने के बाद ही दूसरे राउंड की गिनती के लिए तय ईवीएम (वोटिंग मशीन) लाई जाएगी।
इसके अलावा इस बार ईवीएम मशीनों से मतगणना पूरी होने के बाद प्रत्येक विधानसभा में पांच-पांच बूथों के वीवीपैट की पर्चियां निकाली जाएंगी। इन पर्चियों का मिलान ईवीएम की रिकार्ड स्लिप से किया जाएगा। इसमें चेक किया जाएगा कि ईवीएम मशीन में दर्ज डाली गई वोटों की संख्या और उस मशीन में प्रत्याशियों को मिले मतों की संख्या वीवीपैट की पर्ची से मेल खाती हैं या नहीं। इससे ये बात भी स्पष्ट हो जाएगी कि ईवीएम में किसी तरह की कोई खामी नहीं है।
डीएम ने बताया कि इन दोनों नई व्यवस्थाओं की वजह से मतगणना पूूरी होने में वक्त लगेगा। ईवीएम से मतों की गिनती होने पर लोगों को ये तो पता चल जाएगा कि किस प्रत्याशी को कितने मत मिले हैं लेकिन चुनाव परिणाम की अधिकृत घोषणा ईवीएम की रिकार्ड स्लिप से वीवी पैट पर्ची का मिलान करने के बाद ही होगी। ऐसे में अधिकृत घोषणा में रात भी हो सकती है।
---------------
नवीन मंडी में होगी तीन विस क्षेत्र की मतगणना
शामली। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार कैराना लोकसभा सीट पर शामली में कैराना, शामली और थानाभवन विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती शामली नवीन मंडी स्थल पर होगी। सहारनपुर जनपद की गंगोह और नकुड़ विधानसभाओं के मतों की गिनती सहारनपुर मेें होगी। वहां से अधिकृत परिणाम आने के बाद पांचों विधानसभाओं के परिणाम तैयार होंगे। इसके बाद ही अधिकृत परिणाम घोषित किया जाएगा।
-----------
लोस चुनाव में अच्छा काम करने वाले बीएलओ, सुपरवाइजर सम्मानित
कैराना। लोकसभा चुनाव में अच्छा कार्य करने पर प्रशासन ने सात सुपरवाइजर और 54 बीएलओ को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। कैराना लोकसभा सीट पर 11 अप्रैल को मतदान हुआ था। चुनावी कार्य में क्षेत्र में 27 सुपरवाइजरों के साथ ही बीएलओ को भी लगाया गया। चुनाव शांतिपूर्ण सकुशल संपन्न होने के बाद प्रशासन के निर्देश पर प्रत्येक सुपरवाइजर द्वारा अच्छा कार्य करने वाले दो-दो बीएलओ को चिह्नित किया गया। सात सुपरवाइजरों को भी चुना गया। शुक्रवार को प्रशासन की ओर से तहसील सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें एसडीएम डा. अमित पाल शर्मा और तहसीलदार रनबीर सिंह ने सभी को सम्मानित किया।