प्रधानमंत्री के साथ गणतंत्र दिवस परेड देखेंगी शामली की नंदिनी
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। नई दिल्ली के राजपथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड शामली की नंदिनी प्रधानमंत्री बॉक्स में बैठकर देखेेंगी। नंदिनी बीते सत्र में सीबीसीआई परीक्षा में 10वीं में आल इंडिया टॉपर रही थीं।
नंदिनी शहर के रेलवे रोड स्थित मंडी मार्श गंज की रहने वाली हैं। उन्होंने बीते सत्र में शहर के स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल से सीबीएसई कक्षा-10 की परीक्षा में ऑल इंडिया टॉप किया था। उन्हें 500 में से 499 अंक मिले थे। पिछले दिनों कालेज के वार्षिकोत्सव में पहुंचे मानव संसाधन मंत्री सत्यपाल सिंह ने भी उसे सम्मानित किया था। स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक रितेश गर्ग ने बताया कि नंदनी को 26 जनवरी को राजपथ में होने वाली परेड में विशिष्ट अतिथि के रुप में आमंत्रित किया गया है। पूरे देश से 100 छात्र बुलाए गए हैं, जो राजपथ से प्रधानमंत्री बॉक्स में बैठकर परेड देखने के गवाह बनेंगे। उसे 25 जनवरी को दिल्ली के अशोका होटल में रिपोर्ट करनी है।
परिवार में छाई खुशियां
नंदिनी के पिता राजीव गर्ग शहर के स्कॉटिश इंटरनेेशनल स्कूल की प्रबंध कमेटी में है। माता शालू गर्ग गृहणी हैं, जबकि भाई रोहन गर्ग कक्षा-12 और छोटा भाई माधव कक्षा-3 में पढ़ता है। बेटी को मिले इस ऐतिहासिक मौके से पूरा परिवार खुश है। नंदिनी को कई मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है।
आईएएस बनना है नंदिनी का सपना
नंदिनी साइंस से कक्षा-11 में पढ़ रही है। फिलहाल वो बाहर है और सीधे दिल्ली कार्यक्रम में पहुंचेगी। परिजनों के अनुसार नंदिनी आईआईटी करने के बाद आईएएस बनने की इच्छा रखती हैं। उनका इरादा आईएएस बनने का है। नंदिनी ने फोन पर बताया कि प्रधानमंत्री के साथ उनके बॉक्स में बैठकर गणतंत्र दिवस का गवाह बनना उनके लिए गौरव की बात है। ये पल उनके जीवन के अहम पलों में एक होगा। इसका श्रेय उसके परिजन और उनकी शिक्षिकाओं का है।