ऊन। ऊन ब्लॉक में पोषण अभियान में शामिल कन्वर्जंस विभागों द्वारा कुपोषण की रोकथाम हेतु ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने कुपोषण से बचाव और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु जानकारी दी गई।
शुक्रवार को आयोजित प्रशिक्षण शिविर में संबंधित विभागों में शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य, ग्राम विकास पंचायती राज और खाद्य रसद विभाग के कर्मचारी और अधिकारी शामिल रहे। शिविर में सीडीपीओ उर्मिला शर्मा ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बाल एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रयास करना है। भोजन की कमी, बीमारी, दूषित वातावरण, शिक्षा और अज्ञानता के कारण कुपोषण है। इससे बचाव हेतु प्रसव दौरान आयरन और कैल्शियम की गोली, संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण आदि से रोका जा सकता है। इसके लिए विभाग द्वारा बचपन दिवस, लाडली दिवस और ममता दिवस के माध्यम से समय-समय पर जानकारी दी जाती है। जिला विकास अधिकारी डाक्टर बलराम कुमार ने पेंशन और रोजगार योजना की जानकारी दी। शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने भी संचालित योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में ब्लॉक की सभी आशा आंगनबाड़ी और ग्राम प्रधान मौजूद रहे।