दीनी के साथ दुनियावी तालीम भी जरूरी
शामली। मदरसा गढ़ी दौलत के हजरत मौलाना आकिल साहब ने कहा कि मुसलिम बच्चों को दीन के साथ साथ दुनियावी तालीम भी जरूर हासिल कराएं। उन्होंने सभी मुसलमानों से बच्चों को उम्दा तालीम दिलाने की अपील की।
रविवार को शामली के गांव बलवा स्थित जामिया इस्लातुल कुरान इस्लामिया मदरसे में सालाना जलसे का आयोजन हुआ, जिसमें हाफिज-ए कुरान करने वाले बच्चों की दस्तारबंदी की गई। इस मौके पर कांधला क्षेत्र के गांव गढ़ीदौलत स्थित मदरसे के हजरत मौलाना आकिल साहब ने कहा कि आज मुसलमान दीन और दुनिया दोनों से दूर होते जा रहे हैं। सभी को अपने बच्चों को बेहतर तालीम देनी चाहिए। कुरान इंसान को सभी बुराइयों से दूर रखता है। सभी को कुरान को रोजाना पढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दीनी तालीम के साथ साथ दुनियावी तालीम भी बच्चों को हासिल कराएं, ताकि मुसलिम बच्चे किसी भी क्षेत्र में पीछे न रहें। इस अवसर पर हाफिज-ए कुरान करने वाले मोहम्मद शाद, मोहम्मद रिहान, मोहम्मद जुबेर, मोहम्मद उस्मान की दस्तारबंदी की गई। जलसे के अंत में देश और दुनिया में अमन चैन की दुआ की गई। जलसे के दौरान मदरसे के नाजिम मौलाना मोहम्मद आलिम, मौलाना शाहतुल्लाह, मौलाना इलियास, मौलाना आकिल, मुफ्ती साबिर, मौलाना इमरान, हाफिज आलिम, हाफिज शौकीन और मुफ्ती आलम आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।