विकास कार्यों की जांच करने नहीं पहुंची टीम
कांधला। नगर पालिका परिषद कांधला के बीते पांच वर्ष के विकास कार्यों की जांच करने के लिए बृहस्पतिवार को जांच समिति कांधला नहीं पहुंच पाई। इससे शिकायतकर्ताओं में मायूसी रही।
कस्बा कांधला के मोेहल्ला मिर्दगान निवासी पूर्व चेयरमैन हाजी इस्लाम और मोहल्ला मौलानान निवासी पूर्व सभासद अफजाल अली ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को पत्र भेजकर विकास कार्यों में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया था। इसके चलते पांच साल में हुए विकास कार्यों की जांच के लिए कैराना एसडीएम, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता तथा जल निगम के अधिशासी अभियंता की समिति गठित की गई थी। वहीं, एसडीएम कैराना दुष्यंत कुमार मौर्य ने कांधला नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को पत्र भेजकर कहा था कि 15 फरवरी को जांच की जाएगी, जिसके लिए पांच साल के दौरान हुए विकास कार्यों की पत्रावलियां तैयार रखी जाएं, लेकिन बृहस्पतिवार को जांच समिति कांधला नहीं पहुंच सकी, जबकि शिकायतकर्ता अफजाल अली और हाजी इस्लाम पालिका कार्यालय पहुंच गए थे। एसडीएम दुष्यंत कुमार मौर्य ने बताया कि पालिका प्रशासन ने अभी विकास कार्यों की पत्रावलियां तैयार करके नहीं भिजवाई हैं। पत्रावलियों के मिलने पर जांच की जाएगी।