अतिक्रमण हटाने के लिए तीन दिन का नोटिस
शामली। गांव भभीसा में नाले पर अतिक्रमण कर मकान बनाने वालों को एसडीएम ने नोटिस भिजवाए हैं। चेतावनी दी गई है कि अगर तीन दिन के अंदर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो जेसीबी चलवाकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा।
गौरतलब है कि गांव भभीसा में काफी दिन से मुख्य रास्ते पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। ग्रामीण कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। उनका कहना है कि नाले का पानी सड़क पर फैलने के साथ ही लोगों के मकानों में भी घुसने लगा है। इस कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। पूर्व में राजस्व विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर नाले की सफाई कराने का प्रयास किया था, लेकिन नाले की जमीन पर अतिक्रमण कर मकान बनाए जाने की वजह से सफाई नहीं हो पाई थी। उधर, शनिवार को ही एसडीएम सुरजीत सिंह शामली ने नाले पर अतिक्रमण करने वालों को नोटिस भिजवाकर तीन दिन का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने बताया कि तीन दिन के भीतर यदि नाले से लोगों ने खुद ही अतिक्रमण नहीं हटाया, तो जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटवाया जाएगा। इसके बाद नाले की सफाई करा दी जाएगी।
आपसी वार्ता से निपटाया विवाद
शामली। तहसील शामली क्षेत्र के गांव गोमतीपुर में सड़क निर्माण शुरू होने पर पानी की निकासी को लेकर पूर्व प्रधान और वर्तमान प्रधान पक्ष के लोगों में विवाद चल रहा था। एक पक्ष कहता था कि नाली का ढलान उनके घरों की तरफ नहीं होना चाहिए, जबकि दूसरे पक्ष के लोग भी अपनी तरफ को नाली का ढलान करने का विरोध कर रहे थे। शनिवार को एसडीएम शामली सुरजीत सिंह राजस्व टीम के साथ गांव में पहुंचे। दोनों पक्षों से वार्ता की गई, जिसके बाद तय हुआ कि एक स्थान से नाली का ढलान पूरब की तरफ रहेगा, जबकि आधे हिस्से का पानी का ढलान पश्चिम दिशा में रहेगा। इस पर दोनों पक्षों ने सहमति जताई। एसडीएम ने बताया कि विवाद समाप्त करा दिया गया है, अब सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।