परीक्षा आवेदन की सूचना बोर्ड आफिस भेजने की तैयारी शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
शामली, 27 अक्तूबर
हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा आवेदन सूचनाओं को बोर्ड कार्यालय भेजने के लिए डीआईओएस ने सभी कॉलेज प्रधानाचार्यों से आवेदन संबंधी सूचनाएं मांगी है। आवेदकों की फोटो हस्ताक्षरित नामावलियां, शुल्क चालान की प्रति, कक्षा नौ और ग्यारह के पंजीकृत आवेदकों की कंप्यूटर प्रति, संख्या सूचक चक्र आदि वांछित पत्राजात 30 अक्तूबर तक जमा कराने के निर्देश दिए है।
बोर्ड परीक्षा ऑनलाइन आवेदन की तिथि निकलने के बाद अब जनपदीय आवेदकों की सूची एवं सूचनाएं क्षेत्रीय कार्यालय को प्रेषित की जानी है। इसके लिए डीआईओएस एसएम सिद्दीकी ने जनपद के सभी 94 कॉलेजों के प्रधानाचार्यों से नामावलियां, परीक्षा शुल्क चालान की मूल प्रति, कक्षा नौ और ग्यारह में पंजीकृत आवेदकों की कंप्यूटर प्रति के साथ ही संख्या सूचक चक्र आदि अविलंब कार्यालय में जमा कराने को कहा है। उन्होंने सभी कॉलेजों से यह सूचना दो प्रति जमा कराने के निर्देश दिए हैं, जिसमें एक प्रति ओरिजनल और दूसरी प्रति की फोटो कॉपी सत्यापित कराकर 30 अक्तूबर तक हर हाल में कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए है। जिले में संचालित 94 कॉलेज है। इन सभी में इस वर्ष 26226 आवेदन किए गए है। इनमें से हाईस्कूल के 14175, जिसमें से 1073 प्राइवेट आवेदन है। वहीं इंटर में 12051 आवेदन है। जिसमें 1656 प्राइवेट आवेदन है।
बाहरी आवेदकों व शिक्षकों की मांगी सूची
डीआईओएस ने बाहरी क्षेत्रों के प्रवेश हेतु अनुमति पत्र , बाहरी प्रवेशार्थियों के अंकपत्र, स्थानांतरण प्रमाणपत्रों की छाया प्रति भी प्रस्तुत करने के साथ ही सभी कॉलेजों में शिक्षकों की संख्या की सूची भी नाम सहित जमा कराने के निर्देश दिए हैं।