अमर उजाला ब्यूरो
शामली। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के पात्रों के चयन के लिए जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की तरफ से नगरपालिका परिसर में तीन दिवसीय कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान शहरी क्षेत्र के 775 परिवारों ने आवेदन पत्र जमा किए।
नगरपालिका परिसर में डूडा की तरफ से अधिकृत कंपनी की ओर से तीन दिवसीय विशेष कैंप लगाया गया। इमें प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के पात्र परिवारों से आवेदन लिए गए। रविवार को पहले दिन कैंप में लगभग 200 आवेदन पत्र जमा हुए। दूसरे दिन 265 और मंगलवार को तीसरे व अंतिम दिन 310 आवेदन पत्र जमा हुए। इस तरह शहरी क्षेत्र के लगभग 775 परिवारों ने पक्के आवास के लिए आवेदन फार्म जमा किए। कंपनी के साइट इंजीनियर विवेक ठाकरान ने बताया कि आवेदन पत्र के साथ पति या पत्नी का आधार कार्ड, आवेदक का फोटो, बैंक की पासबुक और प्लाट के बैनामे की कॉपी जमा की गई है। इस योजना में वे परिवार पात्र माने जाएंगे, जिनके पास कच्चा मकान हो, नगर निकाय की सीमा के अंदर मकान या प्लाट होना चाहिए। साथ ही उनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम हो। उन्होंने बताया कि कैंप में जमा हुए आवेदन पत्रों की जांच और सर्वे किया जाएगा। इसके बाद लाभार्थी को पहली किस्त के रूप में 50 हजार नींव भरने के बाद, दूसरी किस्त डेढ़ लाख रुपये मकान का निर्माण होने पर और तीसरी किस्त 50 हजार रुपये यानि कुल ढाई लाख रुपये योजना के तहत दिए जाते है।