शामली । पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। अपर जिलाधिकारी शिव बहादुर सिंह को 11 सूत्री ज्ञापन सौंपा गया।
बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारी इकट्ठा होकर कलक्ट्रेट पहुंचे। नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि प्रांतीय संघ के निर्देश पर सभी जिलों में सांकेतिक प्रदर्शन किया गया है। ताकि प्रदेश सरकार का ध्यान उनकी मांगो की तरफ हो सके। इस दौरान अपर जिलाधिकारी शिव बहादुर सिंह को सौंपे ज्ञापन में कहा कि पंचायत विभाग के सफाई कर्मचारियों का नाम पंचायत सेवक किया जाए। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों के बकाया चिकित्सा प्रतिपूर्ति का बजट भिजवाया जाए, पंचायत विभाग के सफाई कर्मियों को ग्राम पंचायत अधिकारी के पदों पर पदोन्नति का अवसर दिया जाए, गैर मान्यता प्राप्त सफाई कर्मचारी संघ के पत्रों पर विचार न किया जाए, सफाई कर्मियों को ग्रेड पे 1900 दिया जाए, राजस्व ग्रामों में ही सफाई कार्य कराया जाए, स्कूलों में नहीं। इसके अलावा पैरोल व्यवस्था समाप्त की जाए और पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाए। इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष अमित कुमार वाल्मीकि, जिला कोषाध्यक्ष कृष्णपाल, जिला मंत्री कुसुम सोम आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।