गांव दथेड़ा में घर में रखा सिलेंडर लिकेज होने के कारण घर में आग लग गई। जिसमें एक बुजुर्ग झुलस गया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सिलेंडर को घर से बाहर फेंककर आग बुझाई।
चौसाना के गांव दथेड़ा में बाबूराम पुत्र रगबीर सिंह के नाम पर इंडेन गैस का कनेक्शन है। शनिवार दोपहर तीतरो जिला सहारनपुर से गैस संचालक डिलीवरी देने गांव में आया तो गैस सिलेंडर को बाबूराम ने लिया। शाम के समय गैस खत्म हुई तो नया सिलेंडर लगाया गया। आरोप है कि सिलेंडर की सील खोलते ही उसमें से गैस लिकेज होने लगी और पूरे घर में फैल गई। तभी बिजली आने के कारण गैस ने आग पकड़ ली। जब तक कोई परिजन कुछ कर पाता, तब तक आग पूरे घर में फैल गई। आग की चपेट में आने से बाबूराम बुरी तरह से झुलस गया। ग्रामीणों की मदद से घर की बिजली काटी गई और सिलेंडर को फेंककर आग पर काबू पाया। वहीं, पीड़ित परिवार ने गैस विक्रेता पर रिफलिंग सिलेंडर बेचने का आरोप लगाया है।