मेरठ-पानीपत नई रेल लाइन बिछाने का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने तथा अन्य समस्याओं का समाधान कराने के लिए जनहित संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉक्टर सत्यपाल सिंह से दिल्ली में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
जनहित संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष सुनील पंवार ने बताया कि ज्ञापन में जनता एक्सप्रेस का एलम में स्टॉपेज कराने, दिल्ली से चलकर बड़ौत तक आने वाली पैसेंजर सीएनजी ट्रेन को शामली तक चलाए जाने, बीकानेर से हरिद्वार व अजमेर से हरिद्वार जाने वाली स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को नियमित किए जाने की मांग की है। इसके अलावा गंगानगर से वाया दिल्ली- शामली होकर हरिद्वार तक अप व डाउन ट्रेन चलाए जाने और मेरठ से पानीपत तक नई रेलवे लाइन बिछाने का कार्य पुराने सर्वे के आधार पर कराने की मांग की। केंद्रीय राज्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही वह इन मामलों पर रेल मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात करेंगे। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर सत्यपाल सिंह ने बताया कि शामली में 18 सितंबर को किसान कल्याण सम्मेलन होगा।