बरसात में भरभराकर गिरे कई मकान
चौसाना (शामली)। दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण चौसाना क्षेत्र में कई मकान गिर गए। कई मकानों में दरारें आ गई। मकान गिरने के कारण लोगों को काफी नुकसान हुआ। पीड़ित लोगों ने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
गांव दथेड़ा निवासी सीताराम पुत्र जय सिंह पेशे से किसान है। शुक्रवार सुबह वह अपने परिवार सहित मकान के एक कमरे में बैठा था। इसी दौरान बारिश रुकने पर तेज आवाज के साथ लिंटर गिर गया। लिंटर का आधा हिस्सा गिरने के कारण परिवार अंदर कमरे में बंद रह गया। इसके बाद परिवार के लोग चीखपुकार मचाते हुए बाहर निकले। उधर, गांव श्यामली-श्यामला में शुक्रवार सुबह बाबू पुत्र जतरा का मकान गिर गया, जिसमें बाबू के परिवार के सुनील, नीरज और सचिन मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला, जिसके बाद हलका लेखपाल को सूचना दी। इसके अलावा गांव पांथुपूरा में सतीश पुत्र रंजीत, सोम और गीता कामकान भी बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।