थाना कैराना में जमा लावारिस वाहनों की नीलामी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जगनपुर निवासी व्यक्ति ने मुख्यमंत्री के साथ ही अधिकारियों को शिकायत पत्र भेजकर आरोप लगाया कि नीलामी प्रक्रिया में कुछ लोगों ने दबंगई दिखाई और उसे नीलामी में हिस्सा नहीं लेने दिया। इस बारे में मुख्यमंत्री, डीएम और एसपी को शिकायत पत्र भेजकर नीलामी निरस्त कराने की मांग की है।
19 जून को कैराना कोतवाली में एसडीएम व एआरटीओ की देखरेख में 73 वाहनों की नीलामी हुई थी। उक्त वाहन एक ही बोलीदाता को 10.5 लाख रुपये में छोड़ी गई थी। शुक्रवार को गांव जगनपुर निवासी अशोक चौहान ने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी व एसपी को शिकायत पत्र भेजकर आरोप लगाया कि उसने नीलामी में शामिल होने के लिए 50 हजार रुपये जमानत राशि जमा कराई थी। आरोप है कि कुछ दबंगों ने उसे नीलामी में हिस्सा नहीं लेने दिया तथा उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके चलते वह नीलामी में बोली नहीं लगा सका और एक ही व्यक्ति के नाम वाहनों की नीलामी छोड़ दी गई। अशोक ने मांग की है कि नीलामी को निरस्त कराकर दोबारा से वाहनों की नीलामी कराई जाए।