शामली। यूपी बोर्ड में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की कापियों का मूल्यांकन 11 मई तक चलना है। अभी तक 1.76 लाख कापियों में से 1.48 लाख कापियों का मूल्यांकन हो चुका है। सोमवार को अंग्रेेजी की एक कापी में 20 रुपये का नोट निकला।
आरके इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड की कापियों का मूल्यांकन कार्य चल रहा है, जो अंतिम दौर में पहुंच चुका है। सोमवार को एक कमरे में बहराइच जिले की हाईस्कूल अंग्रेजी की कापियों का मूल्यांकन चल रहा था। एक छात्र की कापी में 20 रुपये का नोट चिपका मिला। हालांकि कापी में छात्र ने कुछ प्रश्नों के सही उत्तर लिख रखे थे।
केंद्र प्रभारी श्रवण तोमर ने बताया कि मूल्यांकन कार्य तेजी से चल रहा है। अभी तीन दिन बाकी हैं। अभी तक हाईस्कूल की 99 हजार में से 83 हजार और इंटरमीडिएट की 77 हजार में से 65 हजार कापियां चेक हो चुकी हैं। हाईस्कूल की 16 हजार और इंटरमीडिएट की 12 हजार कापियों का मूल्यांकन होना बाकी है। अंग्रेजी और विज्ञान की कापियों का मूल्यांकन अंतिम दिन तक चलने की उम्मीद है।