कैराना। दो दिन पूर्व संपूर्ण समाधान दिवस में नायब तहसीलदार द्वारा भाकियू कार्यकर्ता से अभद्र के विरोध में बृहस्पतिवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर हंगामा करते प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर किसानों के उत्पीड़न के आरोप लगाए। एसडीएम ने भाकियू नेताओं से वार्ता कर किसी प्रकार मामला शांत कराया। चेतावनी दी कि यदि किसी भी कार्यकर्ता का उत्पीड़न हुआ, तो आंदोलन किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार और जिलाध्यक्ष मास्टर जाहिद के नेतृत्व में संगठन के भाकियू कार्यकर्ताओं ने कैराना तहसील मुख्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने दो दिन पूर्व भाकियू के ग्राम अध्यक्ष आमिर निवासी गोगवान के साथ नायब तहसीलदार कामेंद्र गुप्ता द्वारा अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि भाकियू कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसानों की समस्या का समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो भाकियू सड़कों पर उतर आएगी।
भाकियू जिलाध्यक्ष मास्टर जाहिद ने कहा कि सरकार ने गन्ने के भुगतान के लिए 30 दिसंबर तक करने के आदेश दिए थे, लेकिन शासन-प्रशासन बताए कि मिलों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई। विद्युत निगम दस हजार के बकाये पर किसानों की आरसी जारी कर रहा है। ऐसे में सरकार को देखना चाहिए कि एक-एक किसान का शुगर मिलों पर करोड़ों रुपये बकाया हैं। जानकारी मिलने पर एसडीएम डॉक्टर अमित पाल शर्मा भाकियू के धरने पर पहुंचे। भाकियू पदाधिकारियों ने उनको धरने पर ही बैठा लिया। इस दौरान एसडीएम ने काफी देर तक भाकियू पदाधिकारियों के साथ वार्ता की। आश्वासन मिलने पर किसानों ने धरना स्थगित कर दिया। एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में कार्यकर्ताओं और किसानों का उत्पीड़न रोकने, 10 हजार के बजाय 30 हजार पर आरसी जारी कराने, गन्ना मिलों से बकाया भुगतान कराने की मांग की है। धरना स्थल पर राजेश प्रधान धरनास्थल पर दीपक शर्मा, चौधरी गय्यूर, इमरान, असजद, अंसार चौहान, मुस्तकीम मल्लाह, हाजी महबूब, डॉक्टर इसम सिंह, पंकज चौहान, गौरव, दीपक, बिल्लू प्रधान, डॉक्टर कय्यूम, हाजी शाहदीन आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सब्जीमंडी में आढ़तियों का प्रदर्शन
फोटो.. 3,4,5
कैराना। बृहस्पतिवार को झिंझाना-भूरा रोड पर स्थित सब्जीमंडी परिसर में सब्जी विक्रेता मंडी समिति के अध्यक्ष मारूफ के नेतृत्व में आढ़तियों ने प्रदर्शन किया। कहा कि ई-टेंडरिंग के माध्यम से सर्विसिज शामली मंडी समिति कैराना का ठेका 22 हजार 500 रुपये प्रतिमाह छूटा हुआ है और मानक के अनुरूप तीन सफाईकर्मी रखने होते हैं। आरोप है कि सब्जीमंडी में व्यवस्थाओं का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। मात्र एक ही सफाईकर्मी वहां तैनात हैं, जबकि बाकी सफाईकर्मी कागजों में चल रहे हैं। सब्जी मंडी परिसर में सभी सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। न साफ-सफाई हो पा रही है। विद्युत लाइन तो है, लेकिन प्रकाश की व्यवस्था नहीं है, जिस कारण चोरी की वारदातों की आशंका बनी रहती है। यही नहीं, मंडी परिसर में शौचालय तक नहीं हैं। ना ही कोई पानी की व्यवस्था है। इसके अलावा बाउंड्री दीवार भी काफी दिनों से टूटी पड़ी है, लेकिन प्रबंधन या ठेकेदार की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मंडी आढ़तियों ने समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है। मौके पर दिलशाद, राजेश, जमील आदि मौजूद रहे।
एसडीएम ने किया पालिका का निरीक्षण
फोटो....
कैराना। बृहस्पतिवार को एसडीएम डॉक्टर अमित पाल शर्मा ने नगर पालिका परिषद कैराना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पालिका का लेखा-जोखा और हाजिरी रजिस्टरों की जांच पड़ताल की। बताया कि पालिका में तीन साल का पटल कर्मचारियों के बैठने के लिए होता है, लेकिन वहां पर एक ही जगह 10-12 साल तक मिले। इसके लिए निर्देश दिए गए हैं।