अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम का विरोध हंगामा, जेसीबी के आगे लेटे व्यापारी
कांधला। कस्बे में अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचे नायब तहसीलदार और पालिका प्रशासन की टीम को व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। अतिक्रमण हटाने के विरोध में व्यापारी नेता जेसीबी के सामने लेट गए। टीम ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर कस्बे से अतिक्रमण हटाने का कार्य किया।
कस्बे से अतिक्रमण की शिकायत प्रशासन को मिल रही थी। पूर्व में भी कई बार अधिकारियों ने कस्बे से अतिक्रमण हटवाया, लेकिन कुछ लोगों ने एक बार फिर से अतिक्रमण को बढ़ावा दे दिया। इसी के चलते बृहस्पतिवार को तहसीलदार रणवीर सिंह और नायब तहसीलदार कामेंद्र गुप्ता पालिका प्रशासन की टीम के साथ जेसीबी की मदद से कस्बे में अतिक्रमण को हटवाने के लिए रेलवे रोड पर पहुंची। अतिक्रमण हटाने की सूचना पर व्यापारी नेता ईश्वर दयाल कंसल, सचिन गोयल, सतेंद्र, विपिन, ऋषिपाल, रामनिवास, शहजाद आदि अन्य व्यापारियों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नायब तहसीलदार कामेंद्र गुप्ता से वार्ता करते हुए कहा कि जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कस्बे में अपने दौरे के समय सबसे पहले यातायात को बाधित करने वाले अतिक्रमण को हटाने के आदेश दिए थे, जिस पर प्रशासन का ध्यान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारियों को अतिक्रमण के नाम पर बार-बार परेशान किया जा रहा है। पालिका टीम अतिक्रमण हटाने की जिद पर अड़ी रही। जैसे ही अतिक्रमण को हटाने के लिए जेसीबी का प्रयोग किया गया तो कस्बे के व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष ईश्वर दयाल कंसल जेसीबी के सामने लेट गए और पहले यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण को हटाने की बात कहीं। इसके बाद टीम कस्बे के बस स्टैंड पर अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची। यहां से टीम ने अतिक्रमण की जद में आए खोखे हटवा दिए। अन्य व्यापारियों को सुबह तक का समय दिया गया। इससे वहां लोगों में खलबली मच गई। सूचना पर पालिका अध्यक्ष वाजिद हसन, भाकियू युवा जिला उपाध्यक्ष टीनू जावला , रालोद नेता राजन जावला आदि पहुंच गए। उन्होंने व्यापारियों और अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान के लिए सुबह सभी को डाक बंगले पर एकत्र होने को कहा। वहीं से इस लड़ाई के लिए आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
कोट
कस्बे के किसी तरह का कोई अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बार-बार समय देने के बाद भी सड़क के दोनों तरफ किया गया अतिक्रमण हटाया नहीं जा रहा है। अगर ये लोग अतिक्रमण नहीं हटाते है तो इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रणवीर सिंह, तहसीलदार एवं प्रभारी ईओ नगर पालिका कांधला।
कस्बे में कई व्यापारी अपनी दुकानों के सामने धूप छांव के लिए टीन शेड लगाए हैं, वह अतिक्रमण नहीं है। अतिक्रमण वहां पर है जहां पर यातायात बाधित हो रहा है। अतिक्रमण हटवाने की आड़ में प्रशासन व्यापारी वर्ग को परेशान कर रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
-ईश्वर दयाल कंसल, अध्यक्ष नगर व्यापार मंडल कांधला।