कैराना बार एसोसिएशन के लिए 24 दिसंबर को होगा मतदान
कैराना। बार एसोसिएशन कैराना के वर्ष 2019 की कार्यकारिणी के चुनाव का बिगुल बज गया है। एल्डर कमेटी ने चुनाव की अधिसूचना जारी करते हुए 24 दिसंबर को मतदान की घोषणा कर दी है। पहले दिन अध्यक्ष एवं महासचिव के पदों सहित छह नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
एल्डर कमेटी के चेयरमैन अधिवक्ता शमीम अहमद अलवी, सदस्य के के शर्मा, मुख्त्यार हुसैन, सिदकराम, चौधरी शैलेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से चुनाव की अधिसूचना जारी होने की सूचना दी। बताया कि बार एसोसिएशन की वर्ष 2019 की नई कार्यकारिणी के गठन हेतु अधिसूचना जारी कर दी गई है। 24 दिसंबर को अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सह सचिव प्रशासनिक, सह सचिव पुस्तकालय, कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ सदस्यगण एवं कनिष्ठ सदस्यगण पदों पर एल्डर कमेटी देखरेख में चुनाव संपन्न कराया जाएगा। 18 और 19 दिसंबर को सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक नामांकन पत्र प्राप्त खरीदने और जमा करने, 20 दिसंबर को सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक प्रस्तुत नामांकन पत्रों की जांच एवं आपत्ति और दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक पर्चा वापसी, 21 दिसंबर को प्रचार प्रसार करने को तिथियां निर्धारित कर दी गई है। 24 दिसंबर को सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक बार भवन में मतदान और उसी दिन मतगणना एवं परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। एल्डर कमेटी के चेयरमैन ने बताया कि मंगलवार को प्रथम दिन अध्यक्ष पद पर एक नामांकन पत्र रामकुमार वशिष्ठ द्वारा खरीदा गया। महासचिव पद पर दो नामांकन पत्रों, जिनमें आलोक चौहान और भगवान दास चौहान ने खरीदे हैं। इनके अलावा सहसचिव प्रशासनिक पर एक नामांकन पत्र पंकज कुमार, कनिष्ठ सदस्य पद पर मुजम्मिल अहमद व रिजवान अहमद ने दो नामांकन पत्र खरीदे। बुधवार को भी नामांकन पत्रों की बिक्री होगी तथा जमा भी कराए जाएंगे।