झिंझाना। गांव अलीनगर में हाइटेंशन विद्युत लाइन टूटकर गिरने पर भैंस और कटिया की मौत हो गई। इन पशुओं को बचाने के प्रयास में महिला और उसकी दो बेटियों को भी जोरदार करंट लगा। पीड़ित परिवार ने विद्युत विभाग के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार की सुबह गांव अलीनगर में बस्ती के ऊपर से जा रही 11 हजार वोल्टेज की लाइन टूटकर गिर गई। त्रिलोक कश्यप के घर में बंधी भैंस और कटिया की तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। भैंस और कटिया को बचाने के लिए त्रिलोक की पत्नी प्रेमो और बेटी सोनी व मोनी भी मौके पर पहुंची, तो उन्हें भी करंट का तेज झटका लगा। पड़ोसियों ने विद्युत तार को लकड़ी के डंडे से अलग किया। त्रिलोक कश्यप ने थाना झिंझाना में तहरीर देकर बताया कि पूर्व में कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर जर्जर लाइन को बदलवाने की मां की गई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। हादसे में भैंस और कटिया के मरने पर करीब एक लाख रुपये का नुकसान हो गया। इसकी भरपाई विद्युत निगम से कराई जाए। थाना प्रभारी एमएस गिल ने बताया कि मामला विद्युत विभाग से जुड़ा हुआ है, वहीं से कार्रवाई होगी।