शामली। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने एडीएम वित्त एवं राजस्व से मिलकर स्कूलों में ड्रेस सिलाई का अपना दुखड़ा रोया। एडीएम ने तुरंत बीएसए गीता वर्मा से बात कर समस्या समाधान के निर्देश दिया।
बुधवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने कलक्ट्रेट में एडीएम वित्त एवं राजस्व केबी सिंह को शिकायती पत्र दिया। बताया कि सीडीओ ने स्वयं सहायता समूह की बैठक लेकर सरकारी विद्यालयों के बच्चों की ड्रेस सिलाई के उन्हें आदेश दिए थे। दो जुलाई को उन्हें आदेश प्राप्त हुआ। समूह ब्याज पर ऋण लेकर सभी ड्रेस तैयार कर चुके है। अब विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा ठेकेदारों से ड्रेस लेने की बात कही जारी है। उन्होंने विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों पर ड्रेस सिलाई का कमीशन मांगने का आरोप लगाया है। कहना है कि जिस ड्रेस की सिलाई हो चुकी है अथवा कटिंग में रखी हुई है, उसका क्या करें, उसका भुगतान कौन करेगा। जल्दी ही बीएसए और कमेटी से विद्यालयों को आदेश जारी करके कपड़ा और ड्रेस सिलाई का भुगतान कराने की मांग की है। सहायता समूह में शामिल महिलाओं में सोम, मीनू, गीता, रविता, अर्चना, बलकीसा, मीना, मौसमी, नौशीदा आदि शामिल रही।