कस्बे में नगर पंचायत के कारनामे के कारण ये भारत स्वच्छता अभियान अधर में लटकता नजर आ रहा है। कस्बे में आठ माह पूर्व दो सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया गया, लेकिन अभी तक इन शौचालयों पर ताले लटके हुए हैं।
नगर पंचायत की ओर से आठ माह पूर्व कस्बे के मुल्लापुर रोड, मेला ग्राउंड के समीप, पानी की टंकी, पुलिस चौकी व चरथावल बस स्टैंड पर कुल पांच सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण स्वच्छ भारत अभियान के तहत किया था। इनमें से नगर पंचायत ने पानी की टंकी, पुलिस चौकी व चरथावल बस स्टैंड के शौचालय तो चालू कर दिए थे, लेकिन मेला ग्राउंड व मुल्लापुर मार्ग के शौचालय आज तक बंद पड़े हुए हैं। स्थिति ये है कि मुल्लापुर मार्ग, शामली बस स्टैंड पर आने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यही नहीं, मेला ग्राउंड स्थित शौचालय का हाल भी ऐसा ही है। इस संबंध में स्थानीय लोग, व्यापारी व जन प्रतिनिधि कई बार नगर पंचायत में शिकायत कर इन शौचालयों को चालू कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन मजाल है कि अधिकारियों के कानों पर जूं तक रेंगी हो। उधर, एसडीएम दुष्यंत कुमार मौर्य ने बताया कि अभी ये मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। पहले इस संबंध में पूरी जानकारी हासिल की जाएगी, और उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।