नवीन मंडी स्थल पर चला विशेष सफाई अभियान
कांधला।
कस्बा कांधला स्थित नवीन मंडी स्थल पर बुधवार को नगर पंचायत एलम और नगर पालिका परिषद कांधला के सफाई कर्मियों ने विशेष सफाई अभियान चलाया। चर्चा रही कि जल्दी ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शामली जनपद में आगमन संभावित है। कांधला में सभा हो सकती है, जिसको लेकर तैयारियां चल रही हैं, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सूचना आने से इंकार किया है।
बुधवार दोपहर बाद एकाएक 30 से ज्यादा सफाई कर्मी कांधला स्थित नवीन मंडी स्थल पर पहुंचे। मंडी परिसर में सफाई अभियान चलाया। झाड़ियां काटी गईं तथा झाड़ू भी लगवाई गई। सफाई अभियान को लेकर सवाल रहा कि आखिर अचानक से विशेष सफाई क्यों कराई जा रही है। इस दौरान कुछ लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद में आगमन प्रस्तावित है। अन्य जनपदों में आगमन के दौरान मुख्यमंत्री गेहूं खरीद केंद्रों पर भी पहुंचते हैं, तो हो सकता है कि वह कांधला के मंडी स्थल पर भी पहुंच जाएं। नवीन मंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष जाहिद राज का कहना है कि मंडी स्थल में चारो ओर गंदगी का ढेर लगा हुआ था। बार-बार अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं थी। गनीमत है कि मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना से यहां सफाई हो गई। उधर, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद में आगमन का अभी तक कोई कार्यक्रम प्राप्त नहीं हुआ है।