गांव उस्मानपुर के लोगों ने उपजिलाधिकारी से शिकायत कर गांव में मस्जिद से लाउडस्पीकर के जरिये फैल रहे ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगवाने की मांग की है। मंगलवार को शामली तहसील पहुंचे गांव उस्मानपुर के लोगों ने कहा कि गांव में मस्जिद पर लगे लाउडस्पीकर से ध्वनि प्रदूषण फैलाया जा रहा है। इसकी वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। यदि गांव के लोग लाउडस्पीकर की आवाज बंद करने के लिए कहते हैं, तो विवाद होता है। इस कारण गांव में तनाव भी बन सकता है। मांग है कि बगैर अनुमति के लाउडस्पीकर बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा ध्वनि प्रदूषण कम कराया जाए। मौके पर वीरेश कुमार, कंवरपाल सिंह, नगेंद्र, संदेश कुमार, सुधीर कुमार, शुभम और राकेश सैनी आदि शामिल रहे।
मावा बनाने की भट्टी से फैल रहा प्रदूषण
शामली। गांव उस्मानपुर के लोगों ने एसडीएम से शिकायत कर कहा कि गांव में दो युवकों ने मावा बनाने की भट्टी लगाई हुई है। आरोप है कि भट्टी में लकड़ी के स्थान पर प्लास्टिक, टायर, खोई, पुराल जलाया जा रहा है, जिससे गांव में वायु प्रदूषण फैलता है और बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। शिकायतकर्ता महक सिंह, जयपाल सिंह, तिलकराम, रामपाल सैनी, राकेश, सोमपाल और सतीश कुमार ने मांग की है कि वायु प्रदूषण से ग्रामीणों को निजात दिलाई जाए तथा वायु प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। एसडीएम सुरजीत सिंह ने जांच कराने का आश्वासन दिया है।