डेरा सच्चा सौदा के गुरमीत राम रहीम की बेटी की शामली में ससुराल है। शामली निवासी अमित के साथ गुरमीत राम रहीम की बेटी की शादी 2007 में हुई थी। काफी समय से अमित का परिवार सिरसा में रहता है।
शुक्रवार को जब गुरमीत रामरहीम को यौन शोषण के मामले में पंचकूला सीबीआई कोर्ट से दोषी करार दिया गया, तो लोगों को गुरमीत राम रहीम की रिश्तेदारी के बारे में याद आ गई। दरअसल, 2007 में जब गुरमीत राम रहीम की बेटी की शादी शामली के मोहल्ला नंदू प्रसाद निवासी अनिल के बेटे अमित के साथ हुई, तो शहर के वीवी इंटर कॉलेज परिसर में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। निशानेबाजी प्रतियोगिताओं में मेडल जीतने के बाद एक कार्यक्रम में गुरमीत रामरहीम ने अमित को देखा था, जिसके बाद अपनी बेटी का रिश्ता अमित के साथ पक्का कर दिया था। अमित के पिता अनिल भी डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी रहे हैं। काफी समय से उनका परिवार शामली छोड़कर सिरसा में जाकर बस गया है।
बेकाबू हालातों से दहशत शामली के कई लोग
डेरा प्रमुख को दोषी करार दिए जाने के बाद शुक्रवार दोपहर बाद पंजाब और हरियाणा में बेकाबू हुए हालातों के कारण शामली जिले के लोगों में भी बेचैनी बढ़ गई। क्योंकि शामली जिले के कई गांव के लोग पंचकूला में रहते हैं। गांव हरड़ फतेहपुर निवासी ठाकुर मनोज सिंह पंचकूला के सेक्टर 26 में परिवार सहित रहते हैं और ट्रेडिंग का कार्य करते हैं। अमर उजाला से फोन पर बातचीत में मनोज ठाकुर ने बताया कि यहां हालात बेहद खराब हैं। लाखों लोगों की भीड़ सड़कों पर उतरी हुई है, जबकि प्रदेश सरकार हालात सामान्य बता रही है। हरड़ गांव में उनकी मां पुष्पलता और दादी नेगवती के अलावा चाचा और ताऊ का परिवार भी रहता है। दोपहर बाद से ही रिश्तेदार और परिचित लोग उन्हें कॉल करके हालात के बारे में पूछ रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके अलावा हरड़ गांव के धर्नेंद्र पुंडीर तथा रोनी मंगलपुर निवासी सचिन भी पंचकूला में रहते हैं। इन सभी के रिश्तेदार फोन पर हालात और कुशलता की जानकारी ले रहे हैं।