अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। आर्य कन्या इंटर कॉलेज की कब्जामुक्त कराई गई भूमि पर दो कमरों का निर्माण शुरू हो गया है। समाज सेवी इसमें मदद के लिए आगे आ रहे हैं। मंगलवार को विधि विधान और मंत्रोच्चारण के बाद नींव रखीं गई।
उपजिलाधिकारी डा. अमित पाल शर्मा ने पिछले दिनों आर्य कन्या इंटर कॉलेज की करोड़ों की भूमि को कब्जा मुक्त कराया था। इसके बाद पुलिस की निगरानी में चारदीवारी भी कराई गई थी। मंगलवार को आर्य कन्या इंटर कॉलेज की इस जमीन पर दो कमरों के निर्माण के लिए पंडित डा. विजेंद्र कुमार शास्त्री ने हवन यज्ञ कराया। इसमें सभी ने पूर्ण आहुतियां दीं। भूमि पूजन के उपरांत कॉलेज परिसर में भाजपा नेता अनिल चौहान और मुजफ्फरनगर निवासी डा. अजय कुमार सिंघल ने कमरों का शिलान्यास किया गया। वक्ताओं ने कहा कि विद्या के मंदिरों से ही छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर जीवन में सफलता की इबारत लिखते हैं। अनिल चौहान ने कॉलेज प्रबंधन समिति को हर संभव मदद का भी आश्वासन दिया। इस अवसर पर कॉलेज समिति के सचिव डा. अजय अग्रवाल, प्रबंधक डा. सुमत प्रसाद, प्रधानाचार्या डा. दीपाली गर्ग, तेजपाल आर्य, एकता जायसवाल, कुमार गौरव, ऋतुराज चौहान, वेदप्रकाश मित्तल आदि मौजूद रहे।
एक कमरे का निर्माण कराएंगे अजय
मूलरूप से कैराना निवासी समाजसेवी डा. अजय कुमार वर्तमान में मुजफ्फरनगर में रहते हैं। उन्होंने अपनी स्वर्गीय माता शकुंतला देवी व पिता यशपाल सिंह की स्मृति में एक कमरे का निर्माण का खर्च वहन करने की घोषणा की है।