अमर उजाला ब्यूरो
शामली। गणतंत्र दिवस के मौके पर जिले में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार को जिले भर की नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया गया। जिले की सीमाओं पर बैरियर डालकर वाहनों की तलाशी ली गई।
पुलिस मुख्यालय से गणतंत्र दिवस पर विशेष चौकसी के निर्देश मिले थे। एसपी अजय कुमार ने शुक्रवार को जिले भर की पुलिस को सड़कों पर उतारा। शहर के बस अड्डों, चौराहों पर वाहनों की चेकिंग की गई। खासतौर से दुपहिया वाहनों को चेक किया गया। शहर के एमएसके रोड, सहारनपुर रोड, भिक्की मोड़, अग्रसेन पार्क के अलावा दिल्ली बस स्टैंड पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। हरियाणा सीमा से जुडे़ झिंझाना क्षेत्र के बिड़ौली चेकपोस्ट और पानीपत से लगे कैराना क्षेत्र की चौकियों में भी बैरियर डालकर पुलिस ने वाहनों की जांच की। उधर रेलवे स्टेशन पर भी जीआरपी और आरएएफ ने भी स्टेशन पर लावारिस सामान और चप्पे चप्पे की चेकिंग की। पुलिस ने शहर और देहात क्षेत्र में कुछ कबाड़ियों के यहां जाकर भी जांच की। उधर रात को पुलिस टीमेें सिनेमाघरों में चेकिंग अभियान चलाया और होटल, धर्मशालाओं में जाकर वहां रहने वालों के बारे में जानकारी ली। उधर, खुफिया तंत्र भी सक्रिय है। इस वक्त जिले में करीब आठ पाक नागरिक वीजा पर अपनी रिश्तेदारियों में आए हुए हैं। उनके बारे में भी पता किया गया। कुछ दिन पूर्व ही जमीयत के जिला सदर को आई थी धमकी भरी कॉल आने के बाद से भी एलआईयू ज्यादा सक्रिय है।
कोट
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर जिले में शांति व्यवस्था के लिए एहतियात के तौर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिले भर में सीमाओं की चौकियों पर बैरियर डालकर चेकिंग हो रही है। - अजय कुमार, एसपी शामली