कैराना। एक सप्ताह पूर्व लापता हुआ किशोर राजस्थान पहुंच गया। वहां ट्रेन में बगैर टिकट यात्रा करने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया और फिर बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया। बाल कल्याण समिति की तरफ से कैराना कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को अवगत कराया।
कस्बा कैराना की ब्लाक कालोनी के पास रहने वाला लक्ष्य (14) एक सप्ताह पूर्व घर से बिना बताए चला गया था। परिजन उसको तलाश कर रहे थे तथा पुलिस को भी सूचना दी थी। वहीं, मंगलवार रात राजस्थान के कोटा शहर की बाल कल्याण समिति के गोविंद कुमार ने कैराना कोतवाली पुलिस को कॉल करके बताया कि कोटा रेलवे पुलिस ने लक्ष्य को उनकी सुपुर्दगी में दिया है। गोविंद कुमार ने बताया कि लक्ष्य अपने घर लौटना नहीं चाहता है। टीम उसको समझाने का प्रयास कर रही है। इसके बाद कैराना कोतवाली पुलिस ने लक्ष्य के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसके परिजन राजस्थान रवाना हो गए।