योजनाओं का लाभ जनता को पहुंचाने में बरतें गंभीरता-राणा
शामली। ग्राम स्वराज्य अभियान कार्यक्रम के तहत गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को ग्राम बाबरी में चौपाल का आयोजन किया गया। ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
बृहस्पतिवार शाम सात बजे से नौ बजे तक चले चौपाल कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), सौभाग्य योजना, उज्ज्वला योजना, उजाला योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं समस्त प्रकार की पेंशन योजनाओं संबंधित जानकारी दी गई। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं भी गन्ना विकास राज्य मंत्री के समक्ष रखीं। गन्ना विकास राज्य मंत्री ने समस्याओं का समाधान करने के लिए नोडल अधिकारी को निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि आम जन की सुनवाई करने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार जनता की भलाई के लिए विकास कार्य करा रही है। जिससे आम जनमानस का भला हो रहा है। इस दौरान अनंगपाल प्रधान, सोमबीर प्रधान, जयपाल प्रधान, राजकुमार चेयरमैन, उपजिलाधिकारी दुष्यंत मौर्य एवं खण्ड विकास अधिकारी थानाभवन समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।