अमन उजाला ब्यूरो
कैराना। अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल की बिक्री की शिकायत पर आपूर्ति विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को रामडा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप छापेमारी की। इस दौरान अनियमितता मिलने पर पंप के दोनों नोजल को सील कर दिया गया। मामले में डीएम के अनुमोदन के उपरांत आपूर्ति निरीक्षक की ओर से पंप संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।
बृहस्पतिवार को आपूर्ति विभाग के एआरओ अजय सिंह व जगबीर सिंह और तहसील आपूर्ति निरीक्षक संजय कुमार सक्सेना ने रामडा रोड स्थित बायोफ्यूल कंपनी के पंप पर छापेमारी की। पंप पर बायोडीजल की आड़ में अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल की बिक्री किए जाने की शिकायतें अधिकारियों को मिल रही थी। छापेमारी के चलते पंप संचालक मौके पर ताला लगाकर फरार हो गया। आपूर्ति निरीक्षक संजय कुमार सक्सेना ने बताया कि मौके पर बायोफ्यूल मार्का की मशीन मिली। अनियमितताओं के चलते मशीन पर लगी दोनों नोजल को सील कर दिया गया है। यहां बायो डीजल की आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल का कारोबार किया जा रहा था। संचालक द्वारा जिला स्तर से किसी भी प्रकार की कोई एनओसी नहीं ली गई थी। इस मामले में आपूर्ति निरीक्षक की ओर से डीएम के अनुमोदन के उपरांत पंप संचालक खैरूल निवासी मोहल्ला खैलकलां के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया है।