अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। पब्लिक इंटर कॉलेज में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
सोमवार को शामली रोड पर स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज में प्रतियोगिता का शुभारंभ सहायक विकास अधिकारी पंचायत धर्म सिंह और प्रधानाचार्य लालचंद वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में लगभग 300 विद्यार्थियों में भाग लिया। एथलेटिक्स 100 मीटर से लेकर 3000 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, कबड्डी, वॉलीबाल, कुश्ती आदि में प्रतिभागियों ने अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में 3000 मीटर दौड़ में विपिन कुमार ने प्रथम, दीपक शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 1500 मीटर दौड़ में सहंसपाल प्रथम, अरविंद कुमार द्वितीय तथा संजय कुमार राठौर तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार लंबी कूद में रोबिन सिंह, आकाश कुमार व अरशद ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किए, जिन्हें प्रमाण पत्र और मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी एमएस तोमर द्वारा किया गया। मौके पर मोहकम सिंह, रविंद्र कुमार, विजय पांडेय, नवनीत कुमार, गिरिराज, पुष्पेंद्र, धीरज, रामपाल, पंकज, विकास, दीक्षित आदि मौजूद रहे।