अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। आर्यपुरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का एसडीएम ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें कई डाक्टर और कर्मचारी भी नदारद मिले। एसडीएम ने मामले की रिपोर्ट डीएम को भेज दी है।
बुधवार सुबह सवा दस बजे एसडीएम डॉ. अमित पाल शर्मा नगर के आर्यपुरी देहात में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे। एसडीएम ने विभिन्न वार्डों में घूमकर डाक्टरों और कर्मचारियों की उपस्थिति चेक की। मरीजों से मालूम किया कि उन्हें अस्पताल में दवाइयां मिलती हैं या फिर बाहर से मंगाई जा रही हैं। समय से इलाज मिल भी जाता है या नहीं। इस पर कुछ मरीजों ने अस्पताल में डॉक्टर ना मिलने की बात कही। एसडीएम ने बताया कि चिकित्साधीक्षक कक्ष में लगी बॉयोमैट्रिक और पुराने उपस्थिति रजिस्टरों की जांच की, जिसमें टाइमिंग सही नहीं मिलीं और दवाइयों का लेखा-जोखा भी अपडेट नहीं मिला। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं थी। कई डाक्टर और कई कर्मचारी नदारद मिले, जो समय से अस्पताल में ड्यूटी पर नहीं पाए गए। निरीक्षण के दौरान खामियां मिली हैं। स्टाफ के डाक्टर और कई कर्मचारी समय पर ड्यूटी करते नहीं पाए गए। मामले की रिपोर्ट बनाकर डीएम को भेजी जा रही है।