गणेश महोत्सव के चौथे दिन कैराना में भव्य शेाभायात्रा निकाली गई। सुंदर झांकियों और बैंडबाजे व डीजे के साथ श्रद्धालु झूमते हुए चल रहे थे। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष के साथ शामली स्थित पूर्वी यमुना नहर पर श्रीगणेश की मूर्ति का विसर्जन किया गया।
कैराना में श्री गणपति सेवा समिति की ओर से गणेश महोत्सव का आयोजन किया गया। रविवार को निकाली गई भव्य शोभायात्रा में सबसे आगे सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के छात्र छात्राएं भारत माता का जयघोष के साथ हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे थे। इसी के साथ शोभायात्रा में डीजे व बैंडबाजों की भक्ति भरी धुनों पर श्रद्धालु झूम रहे थे। शोभायात्रा में मां दुर्गा, मां काली, राधा कृष्ण की झांकियों के अलावा अघोरी साधु धूने चिलम के साथ नृत्य कर रहे थे जिनके पीछे नंदी पर सवार जटाधारी भोलेनाथ हाथों में त्रिशूल लिए चल रहे थे। शोभायात्रा के अंत में श्रीगणेश की विशाल मूर्ति रथ पर सवार थी।
शोभायात्रा मोहल्ला गुंबद से शुरू होकर मोहल्ला पट्टो वाला, निर्मल चौराहा, सराफा बाजार, जोड़ियां कुआं, चौक बाजार, बेगमपुरा होेते हुए शामली बस स्टैंड पर पहुंची। वहां से श्रद्धालु ढोल बाजों के साथ श्रीगणेश की मूर्ति को लेकर शामली स्थित पूर्वी यमुना नहर पर पहुंचे। नहर पर श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ जयघोष किया। गणपति विसर्जन के साथ ही चार दिन तक चलने वाले श्री गणेश महोत्सव का समापन हो गया। वहीं, शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के लिहाज से कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इस दौरान श्री गणपति सेवा समिति के अध्यक्ष सुशील कुमार, राकेश कुमार, सोनू नेता, अभिषेक, राहुल, राजेश कुमार, संदीप, बंटी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।