कस्बा से अलीनगर मार्ग पर जल निकासी की व्यवस्था न होने की वजह से नालियों का गंदा पानी रास्ते पर फैला है। थोड़ी सी बरसात होने पर ही सड़क तालाब का रूप ले लेती है। इस कारण राहगीरों के अलावा स्कूल आने जाने वाले छात्र छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ रही है।
झिंझाना के पश्चिम में गांव अलीनगर मार्ग पर लगभग दो दर्जन गांवों से झिंझाना कस्बा के कालेज व मान्यता प्राप्त स्कूलों में बच्चे पढ़ाई करने आते हैं। इस रास्ते के दोनो तरफ कोई नाला नहीं है। इस वजह से झिंझाना कस्बे की नालियों का गंदा पानी सम्राट रोड से होकर इसी सड़क पर आकर इकट्ठा हो रहा है। वहीं, हल्की बूंदाबांदी के बाद तो यह रास्ता तालाब बन जाता है। इस कारण स्कूल आने जाने वाले बच्चों को गंदे पानी से ही गुजरना पड़ रहा है। उधर, नगर पंचायत झिंझाना के चेयरमैन नौशाद कुरैशी का कहना है कि पहले तो बजट नहीं आया था। अब बजट आया हुआ है लेकिन यहां अधिशासी अधिकारी की नियुक्ति नहीं है। इस कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जल्दी ही समस्या का समाधान कराने के लिए नाले का निर्माण कराया जाएगा।