लूट का खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी
झिंझाना। एचपी गैस के गोदाम पर लूट के मामले का खुलासा नहीं होने पर व्यापारियों में रोष व्याप्त है। व्यापारियों ने सोमवार तक वारदात का खुलासा नहीं होने पर मंगलवार को बाजार बंद करके धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष अजय बंसल के झिंझाना में ऊन रोड स्थित एचपी गैस गोदाम पर 14 जून को बदमाशों ने कैशियर को आतंकित करके एक लाख 36 हजार रुपये नकदी लूट ली थी। कई दिन बीतने के बावजूद बदमाशों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। मंगलवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष आशीष मित्तल के नेतृत्व में व्यापारियों ने थाना झिंझाना में पहुंचकर दिवस अधिकारी उपनिरीक्षक का घेराव कर किया और वारदात का खुलासा न होने पर नाराजगी जताई। पुलिस ने व्यापारियों से कहा कि सोमवार तक घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। इस पर व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक खुलासा नहीं हुआ, तो मंगलवार को व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद करके बाजार में अनिश्चितकालीन धरना देंगे। इस दौरान बिल्लू शर्मा, जितेंद्र चौहान, नीरज संगल, शिवकुमार वर्मा, अजय बंसल, यूसुफ कुरैशी, अश्वनी शर्मा, वैभव नामदेव, नरेश, भूपेंद्र मित्तल, धनंजय कौशिक, मनीष जिंदल और मनीष गर्ग आदि काफी मौजूद रहे।