शामली। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें। यदि कोई समस्या है तो अफसरों को अवगत कराएं, समस्या का समाधान जरूर होगा। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का पालन करने में राजनीतिक दलों को भी मर्यादा दिखानी चाहिए।
शुक्रवार की दोपहर कलक्ट्रेट सभाकक्ष में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ के साथ अपना बूथ लेवल एजेंट तैनात करा दें। जिससे समन्वय से मतदाता सूची का सही पुनरीक्षण हो सके। उन्होंने कहा कि जो मतदाता सूची रिटर्निंग आफिसर के पास होगी, उसी की प्रति राजनीतिक दलों को भी दी जाएगी, मतदाता सूची में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा। आदर्श आचार संहिता का पालन कराने में राजनीतिक दल भी सहयोग करें। नियमों का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर व्यक्ति को मर्यादा में रहकर अपनी बात कहने का अधिकार है, लिहाजा निर्वाचन कार्य के संबंध में यदि किसी को कोई समस्या है तो शालीनता से अवगत कराएं।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामजीलाल कश्यप ने कहा कि जिले में कुछ ऐसे मतदान केंद्र हैं, जो जाति विशेष के लोगों के प्रभाव वाले क्षेत्र में है, उन मतदान केंद्रों को बदलवाया जाए तथा मतदान करने को बुर्का पहनकर आने वाली महिलाओं की ठीक से पहचान कराई जानी चाहिए। इस पर उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतनेश सिंह ने कहा कि मतदान करने पहुंची पर्दानशी महिलाओं के पहचान पत्र और मतदाता सूची के मुताबिक जांच करने के लिए महिला कर्मी प्रत्येक मतदान केंद्र पर तैनात रहेंगी। वहीं, रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह चेयरमैन ने कहा कि विधानसभा, लोकसभा, नगर निकाय और पंचायत चुनाव में मतदाता सूची बदल जाती है, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति रहती है, उसे ठीक कराया जाए। इस पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस बारे में केंद्रीय चुनाव आयोग भी विचार कर रहा है कि एक ही मतदाता सूची से निर्वाचन हो, लेकिन अभी इस पर निर्णय नहीं हुआ है।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार, रालोद नेता अशरफ अली, वाजिद प्रमुख, अनवार चौधरी, सपा जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी, माकपा के जिला सचिव भारत भूषण, बसपा जिलाध्यक्ष सुशील नहारिया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, भाजपा नेता पुनीत द्विवेदी, बसपा नेता वेदप्रकाश जाटव, राजेंद्र उपाध्याय, जेके जैन आदि मौजूद रहे।