जनपद के कई स्कूलों में सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत स्कूल चलो अभियान के चलते जागरूकता रैली निकाली गई। जिसमें बच्चों ने लोगों को नारों के माध्यम से शिक्षा के लिए प्रेरित किया। वहीं, शिक्षकों ने भी सभी से अपने बच्चों के दाखिले सरकारी स्कूलों में कराने की अपील की।
बुधवार को विकास क्षेत्र शामली के गांव गोहरनी स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर 1 में स्कूल चलो अभियान को लेकर जागरूकता रैली निकाली। शुभारंभ ग्राम प्रधान विपिन राणा व विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष ब्रज कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। जिसमें बच्चों ने गांव की गलियों में रैली निकालकर झंडे और बैनर लेकर मम्मी पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ, शिक्षा है अनमोल रत्न, पढ़ने का सब करो जतन आदि नारे लगाकर शिक्षा के प्रति जागरूक किया। शिक्षकों ने भी लोगों से मिलकर अपने बच्चों के दाखिले सरकारी स्कूल में कराने की अपील की। इस दौरान लोकेश, सविता, संगीता आदि रहे। वहीं, प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में भी गांव के मुख्य मार्गों से जागरूकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष ईश्वरचंद ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रधानाध्यापक सौरभ संगल ने बताया कि रैली का उद्देश्य शत प्रतिशत नामांकन कराना है। इस दौरान पिंकी सिंह, प्रवीण कुमार, अनुराधा, सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।