आईबी के इनपुट के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट
शामली। गणतंत्र दिवस को लेकर इंटेलिजेंस ब्यूरो द्वारा अलर्ट जारी करते हुए जिला पुलिस भी चौकन्ना हो गई। एलआईयू तथा क्राइम ब्रांच सहित पूरे जिले के पुलिस को एसपी ने चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली में गणतंत्र दिवस की तैयारी जोरों पर चल रही है। देश की राजधानी से एक सौ किमी दूरी पर शामली जिला आतंकी गतिविधियों को लेकर बदनाम रहा है। कैराना तथा जलालाबाद और थानाक्षेत्र में कई बार एटीएस द्वारा संदिग्ध पकड़े गए है। उधर, रोहिंग्या मुसलमान भी शामली के थानाभवन में आकर रहे थे, हालांकि बाद में वह यहां से चले गए थे। अब गणतंत्र दिवस को लेकर खूफिया इकाईयों ने इनपुट जारी करते हुए रोहिंग्या मुसलमानों और बांग्लादेशियों से खतरा जताया है। एडीजी कानून व्यवस्था आनंद कुमार द्वारा जारी सूबे के सभी पुलिस कप्तानों को निर्देश के बाद शामली पुलिस भी चौकन्ना हो गई। जिले की खुफिया इकाई को चौकन्ना करने के साथ ही जिला पुलिस को संदिग्धों पर नजर रखने की हिदायत दी जा रही है। कप्तान के आदेश पर एलआईयू, स्वाट टीम सहित सभी थानाध्यक्ष चौकन्ने हो गए हैं। पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा का कहना है कि इनपुट के बाद से जिला पुलिस तथा खुफिया इकाइयों को अलर्ट रहने के सख्त आदेेश दिए गए है।