ऊन शुगर मिल द्वारा हरियाणा का गन्ना खरीदने और यूपी को मना करने पर नाराज किसानों ने मिल की बस को रास्ते में रुकवा लिया और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। मिल अधिकारियों द्वारा गन्ना खरीदने के आश्वासन पर दो घंटे बाद कर्मचारियों को जाने दिया।
गांव नौनांगली, चौंदाहेड़ी, ढिंढाली के किसानों ने शामली से मिल के कर्मचारियों को लेकर शुगर मिल जा रही दो बसों को सुबह 10 बजे ढिंढाली गांव में रोककर गन्ना तौल सेंटर पर ले जाकर खड़ी करा दी। सभी कर्मचारियों को बंधक बना लिया। किसानों का आरोप था कि ऊन शुगर मिल हमारा गन्ना नहीं ले रही है, जबकि बाहर के किसानों से गन्ना कैश में खरीद रही है। इसके चलते हमारा गन्ना खेतों में खड़ा है। गेहूं कि फसल कि बुआई पिछड़ रही है। किसानों द्वारा कर्मचारियों से भरी दो बसों को बंधक बनाने की जानकारी मिल प्रबंधन को होने पर हड़कंप मच गया। केन जीएम और मैनेजर ने पहले स्थानीय किसानों का गन्ना लेने के आश्वासन दिया। इस पर किसान शांत हुए। केन जीएम अनिल कुमार अहलावत और मैनेजर धर्मवीर सिंह ने बताया कि ऊन शुगर मिल के पास 15 गन्ना क्रय केंद्र मलकपुर बड़ौत शुगर मिल क्षेत्र के मिले हुए हैं। उनका गन्ना मिल में आ रहा है। कैश में कोई गन्ना किसी बाहरी किसान से नहीं खरीदा गया है। संजीव, कंवरपाल, नीटू, पंकज, टीनू, बिल्लू, जसबीर, पप्पू, प्रमोद दहिया पूर्व प्रधान, नरेश, छोटू, ओमकार, जयवीर, अमित, अरुण, पंकज, सतीश, वेदपाल आदि मौजूद रहे।