स्कूलों में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी
शामली। शहर के सभी शिक्षण संस्थानों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया गया। सभी जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने राधा- कृष्ण की वेशभूषा में कृष्ण लीलाओं का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही दही-हांडी फोड़ने का आनंद लिया।
शनिवार को शहर के रॉयल पब्लिक स्कूूल मेें कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया। स्कूल में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में राधा कृष्ण बनकर बाल लीलाओं का सुंदर वर्णन किया। स्कूल प्रधानाचार्य शिवानी कंदोला ने प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत किया। स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल में मंच पर कृष्ण रुप की सुंदर सुंदर झांकियां प्रस्तुत की गई। सीनियर वर्ग के छात्र छात्राओं मोर मोरनी के रूप में गायन, नृत्य करते हुए छप्पन भोग लगाया। इसके साथ ही बच्चों ने तोतली आवाज में श्लोक भी सुनाए।
वहीं, गोवर्धन पर्वत को उंगली पर उठाना, कृष्ण का यशोदा को अपना ब्याह कराने की जिद करना और गोपियों की शिकायत पर यशोदा का बाल कृष्ण को डांटना आदि को नाटिका के रूप में प्रस्तुत किया। कैराना मजिस्ट्रेट रजनीश मोहन मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने अच्छी प्रस्तुति देने वाले बच्चों की सराहना करते हुए पर्व की बधाई दी। स्कूल प्रधानाचार्य आशु त्यागी ने बच्चों को धर्म के पथ पर चलने, सौहार्द की भावना जागृत करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान चेयरमैन राजकुमार, निदेशक राजीव गर्ग, रितेश गर्ग आदि मौजूद रहे।
वहीं, शहर के सेंट आरसी पब्लिक स्कूल में भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल चेयरमैन अरविंद संगल, प्रधानाचार्य मीनू संगल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को जन्माष्टमी पर्व के बारे में विस्तार से बताते हुए कृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन किया। छोटे छोटे बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा पहनकर उनकी मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कर सबका मन मोहा। इसके साथ ही कृष्ण जी को गोपियों द्वारा झूला झुलाया। श्रीकृष्ण के भजनों पर बच्चों ने सुंदर नृत्य किया। जिसके बाद प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित करते हुए उन्हें पर्व की बधाई दी। इस दौरान आदित्य कुमार, पूनम, निशा, आरती, प्रभा, प्रतिभा, अर्जुन, सीमा, सुरभि, कविता, दीपा, सुरक्षा, प्रियंका, काजल, नीतू आदि मौजूद रहे।