नौ माह से बंद चल रही है बीकानेर-हरिद्वार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। पिछले करीब साढ़े नौ माह से ज्यादा समय से बीकानेेर- हरिद्वार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन बंद होने से गर्मी के मौसम में आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
पिछले कई सालों से राजस्थान के बीकानेर से दिल्ली और शामली होकर हरिद्वार के लिए बीकानेर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को सप्ताह में एक दिन शनिवार को अस्थायी रूप से संचालन चल रहा था। 30 जून को बीकानेर- स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन बंद कर दिया गया था। बीकानेर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को बद होने के बाद महीना डेढ़ माह के बाद पुन: संचालन कर दिया जाता था। इस बार बीकानेर- हरिद्वार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को साढ़े नौ माह से चालू नहीं किया जा रहा है। गर्मी के दिनों में उत्तराखंड के देहरादून, मंसूरी, हरिद्वार, ऋषिकेेश गंगोत्री, यमुनोत्री, बदरीनाथ, केदारनाथ और राजस्थान के गोगा म्हाड़ी आदि के लिए हरियाणा, दिल्ली और वेस्ट यूपी के गाजियाबाद, बागपत, शामली, सहारनपुर आदि जिलों के हजारों यात्री ट्रेनों के माध्यम से सफर करते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश के अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग, अग्रवाल मित्र मंडल के मंत्री अनुज बंसल का कहना है कि जल्द ही बीकानेर- स्पेशल ट्रेन का पुन: संचालन किए जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेलमंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर मांग की जाएगी। उधर, उत्तर रेलवे यातायात निरीक्षक सुनील धीमान ने बताया कि राजस्थान के बीकानेर- हरिद्वार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को 30 जून को अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। 30 जून के बाद बीकानेर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन का पुन: अस्थायी रूप से संचालन शुरू किए जाने का कार्यक्रम अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है।