सीएचसी परिसर में कराई सफाई, एंटी लारवा का छिड़काव
अमर उजाला ब्यूरो
झिंझाना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की दुर्दशा को प्रमुखता से उठाने पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। एसीएमओ और जिला मलेरिया अधिकारी ने पहुंचकर साफ सफाई के बाद एंटी लारवा का छिड़काव कराया।
शनिवार को झिंझाना सामुदायिक केंद्र पर पहुंचे एसीएमओ डॉक्टर अनिल कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी डॉक्टर विनय कुमार, कृष्ण कुमार शर्मा ने पहले परिसर में साफ सफाई कराई बाद में कर्मचारियों द्वारा एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि वे भी यहां साफ सफाई बेहतर रखें। स्वास्थ्य टीम के आने से यहां रहने वाले कर्मचारियों ने भी राहत की सांस ली है। गौरतलब है कि अमर उजाला ने इस समस्या को शनिवार के अंक में प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेकर सीएमओ डॉक्टर अनिल सक्सेना ने उक्त अधिकारियों को यहां भेजा था। सीएमओ ने बताया कि सीएचसी के अधिकारियों को भी हिदायत दी गई है कि वे यहां साफ सफाई पर ध्यान दें। एसीएमओ अनिल कुमार ने बताया की ऊन, झिंझाना के अलावा पास के गांव हौसंगपुर में भी गांव की नालियों में एंटी लार्वा दवाई का छिड़काव कराया गया है। इसके अलावा गांव बिडौली हरिनगर से प्रसव के लिए सीएचसी में भर्ती महिला आरती पांचाल ने बताया की उसने दो बच्चों को दो वर्ष पूर्व ऊन और झिंझाना में जन्म दिया था, लेकिन आज तक उसे प्रसव के बाद मिलने वाली सहायता राशि नहीं मिली। इसके अलावा नर्स ने भी 2100 रुपये लिए । इस इस पर एसीएमओ ने नर्स को बुलाकर प्रसव की सहायता राशि और ली गई धनराशि वापस दिलाने की हिदायत दी।