जिले में अर्द्धसैनिक बलों ने किया पैदल मार्च
शामली/जलालाबाद। होली के पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए अर्द्धसैनिक बलों ने पैदल मार्च किया।
मंगलवार को शामली शहर में पीएसी के साथ पुलिस ने बाजारों और मोहल्लों में पैदल मार्च किया। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि दोपहर में पीएसी के जवानों के साथ पुलिस ने बड़ा बाजार, बड़ी आल, गोशाला रोड, राजोवाला, कलंदरशाह समेत कई मोहल्लों में पैदल मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने पीएसी बल के साथ बाजार में और सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया।
जलालाबाद में मंगलवार दोपहर कस्बे के नया बस स्टैंड, गंगोह रोड चौराहा, नया बाजार, पाल मार्केट, बंबा चौक, खैरादियान, भाईजान चौक, कटहेरा बाजार, मोती बाजार, रामनगर, कुरैशी चौक से होते हुए इंद्रा गेट के रास्ते से पुलिस चौकी तक पैरामिलिट्री फोर्स ने पैदल मार्च किया। इस दौरान पैरामिलिट्री फोर्स ने चौराहों और मुख्य बाजारों में खड़े होकर भौगोलिक स्थिति की जानकारी लेते हुए जनता को समझाया कि आने वाले लोकसभा चुनाव में निडर होकर मतदान करें। उन्होंने कहा कि अव्यवस्था फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के बारे में जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। पैरामिलिट्री फोर्स की बटालियन के कमांडर भूपेंद्र सिंह, मदन गिरि कमांडेंट के साथ सीओ भवन, एसओ भवन, जलालाबाद पुलिस चौकी प्रभारी पवन कुमार सैनी आदि मौजूद रहे। पैरामिलिट्री फोर्स ने देहात के गांव नागल, लुहारी, गंदेवडा, चंदेनामाल आदि में भी पहुंचकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।