शामली। यूपी बोर्ड की ओर से हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा शुल्क जमा कराने की तिथि घोषित कर दी गई है। इसके बावजूद जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से प्राइवेट छात्र-छात्राओं के आवेदन भरवाने के लिए केंद्रों का निर्धारण नहीं किया गया है। यह स्थिति तब है जब बिना विलंब शुल्क के फीस जमा करने की अंतिम तिथि पांच अगस्त है। छात्र-छात्राएं कॉलेजों में चक्कर काट रहे है।
16 जुलाई को वर्ष 2019 की हाईस्कूल और इंटर की संस्थागत व व्यक्तिगत बोर्ड परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि घोषित कर दी गई थी। इसमें बोर्ड ने बिना विलंब शुल्क के फीस जमा करने की अंतिम तिथि पांच अगस्त घोषित की गई थी और 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ फीस जमा करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त है। कार्यक्रम तय हुए लगभग 13 दिन हो चुके है, लेकिन अभी तक भी डीआईओएस कार्यालय की ओर से प्राइवेट आवेदन करवाने वाले केंद्रों की सूची तैयार नहीं की गई है। इसके चलते कोई भी कॉलेज प्राइवेट फार्म नहीं भरवा सकता है। यदि जल्द ही केंद्रों का निर्धारण नहीं किया गया तो प्राइवेट आवेदन भरने वाले सभी छात्र-छात्राओं को 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फीस जमा करनी पडे़ेगी। ऐसे में शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण गरीब छात्र-छात्राओं पर महंगी फीस की मार पड़ेगी। यदि केंद्रों का निर्धारण समय पर हो जाता तो प्राइवेट आवेदन भरने वाले छात्र-छात्राएं 5 अगस्त तक बिना किसी विलंब शुल्क के फीस ट्रेजरी में चालान के माध्यम से जमा करा सकता है। कई दिनों से प्राइवेट फार्म भरने वाले छात्र-छात्राएं भी कॉलेजों में चक्कर काट रहे है।
कार्यालय के बाबू को प्राइवेट आवेदन भरवाने वाले केंद्रों की सूची और सीटों के निर्धारण की सूची तैयार करने के निर्देश दिए थे। सूची तैयार की जा चुकी है। सोमवार को केंद्रों की सूची जारी कर दी जाएगी। इसके बाद विद्यार्थी फीस जमा करा सकता है।- अनुुराधा शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक।