अधिकारियों की फटकार के बाद रेलवे अधिकारी नींद से जागने लगे हैं। सोमवार को रेलवे अधिकारियों ने कस्बे से हसनपुर जा रहे अंडरपास पर सफाई का काम शुरू करवा दिया। इस दौरान अधिकारियों ने थाने से रूट डायवर्ट की व्यवस्था कराने की भी मांग की है।
रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर की ओर से सोमवार को थानाध्यक्ष को पत्र भेजा गया। अधिकारियों ने कहा कि वह लोगों की समस्या को देखते हुए सोमवार को अंडरपास संख्या 106 पर साफ-सफाई व सड़क मरम्मत का काम करना है। कार्य के दौरान दिनभर रूट डायवर्ट रहेगा। पुलिस की अनुमति के बाद अधिकारियों ने सड़क पर काम शुरू कर दिया। बता दें कि पिछले दिनों हुई बारिश के बाद से ही यहां लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। हालत ये थी कि शुरू के तीन दिन तक तो इस मार्ग के जलमग्न होने के कारण चार गांवों का संपर्क ही कस्बे से टूट गया था। इस वजह से ग्रामीणों को करीब 20 किमी का चक्कर लगाकर थानाभवन आना पड़ रहा था। इससे पहले भी जब भी बारिश हुई, यहां लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ी। यही नहीं, ग्रामीण भी लंबे समय से आंदोलन कर इस अंडरपास को दुरुस्त करने की मांग करते रहे है।