शामली। आंधी ने जिले में विद्युत सप्लाई को तगड़ा झटका दिया। आंधी के कारण जिले की विद्युत सप्लाई ठप हो गई, जो सोमवार शाम तक तक भी ठीक नहीं हो पाई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आंधी-तूफान से महकमे को 15 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
रविवार शाम सात बजे से जिले में आंधी शुरू हो गई। तेज आंधी के कारण पूरे जिले की विद्युत सप्लाई बंद कर दी गई। रातभर आंधी-तूफान चलता रहा। तेज आंधी के कारण शामली, कैराना, कांधला, झिंझाना और थानाभवन, ऊन आदि कस्बों तथा देेहात में करीब 373 खंभे टूट गए। खंभे टूटने के कारण जिले के 59 फीडर की विद्युत सप्लाई ठप हो गई। जिस पर अधिकारियों के आदेश पर विद्युत सप्लाई को ठीक करने का काम शुरू कर दिया गया। शाम छह बजे तक विद्युत कर्मचारी खंभे ठीक करने में लगे रहे। सुबह से लेकर शाम तक 53 विद्युत बिजलीघरों की सप्लाई ठीक जा चुकी थी, जबकि छह बिजलीघरों सप्लाई शाम सात बजे सुचारु नहीं हो सकी। आंधी-तूफान के कारण जिले में इससे 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
अंधेरे में 60 हजार की आबादी
थानाभवन। रविवार शाम आई आंधी से क्षेत्र की करीब 60 हजार आबादी अंधेरे में डूब गई। इससे क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक पोल क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं कई स्थानों पर कंडक्टर खराब हो गए। विद्युत निगम के अधिकारियों का दावा है कि सोमवार शाम तक सभी स्टेेशनों पर विद्युत सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी, लेकिन शाम तक क्षेत्र में चार बिजलीघर चालू न हो सके। विभागीय अधिकारियों की मानें तो शाम को जैसे ही बारिश के साथ तेज हवा चली। तभी थानाभवन टाउन, रूलर, जलालाबाद, हसनपुर लुहारी, भैंसानी इस्लामपुर, हरड़ और सिलावर बिजलीघर की आपूर्ति ठप हो थी। तेज आंधी में जलालाबाद से बनत जा रही 132केवी की लाइन जलालपुर में टूट गई, जिससे बनत की विद्युत आपूर्ति भी पूरी तरह से ठप हो गई; अधिकारियों का कहना है कि बनत की आपूर्ति मंगलवार तक ही चालू हो पाएगी। एसडीओ मनोज कुमार तंवर का कहना है कि विद्युत विभाग विद्युत सप्लाई सुचारु करने करने के प्रयास कर रहा है, जल्द ही विद्युत सप्लाई सौ प्रतिशत सुचारु कर दी जाएगी।