युवाओं को दिलाई जाएगी नशे से मुक्ति
जलालाबाद। जलालाबाद नगर पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में पूर्व चेयरमैन अशरफ अली खान की अध्यक्षता व डायल 100 के उपनिरीक्षक छविनाथ यादव के संचालन में कस्बे के नागरिकों, सभासदों व मेडिकल संचालकों की बैठक हुई। बैठक में युवाओं को नशे से मुक्ति दिलाने का संकल्प लिया गया।
उपनिरीक्षक छविनाथ यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि एसपी देव रंजन वर्मा के निर्देश पर नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है, ताकि समाज में युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आने से बचें। इस विषय पर समाजसेवी डाक्टर जोहर सिंह, डाक्टर देवेंद्र आर्य, सुनहरा कोरी, राकेश शर्मा पूर्व सभासद, दीपक, डाक्टर धर्मवीर पाल, चेयरमैन अब्दुल गफ्फार, पूर्व चेयरमैन अशरफ अली खान आदि द्वारा नशा मुक्ति पर विचार व्यक्त किए। नशे के साधन जैसे गांजा, स्मेक, सुल्फा, नशे की गोलियां, फ्लूड आदि जिन स्थानों पर मिल रहे हैं, उनकों चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाने की बात की गई। पुलिस प्रशासन को जैसे ही मालूम होगा तो कार्रवाई होगी। नशे के कारण ही समाज में अपराध हो रहे हैं। यदि नशा समाप्त होगा, तो अपराध भी समाप्त हो जाएगा। पूर्व चेयरमैन अशरफ अली खान ने कहा कि बच्चों के मां-बाप अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान दें। नशे के आदी हो चुके मुजिब पुत्र रशीद खान ने भविष्य में नशा न करने की कसम खाई। नागरिकों द्वारा पुलिस द्वारा चलाए गए कार्यक्रम का स्वागत किया। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान मेडिकल एसोसिएशन के डॉक्टर धर्मवीर पाल, अध्यक्ष डाक्टर जौहर सिंह, डाक्टर देवेंद्र, डाक्टर सुभाष, साजिद अहमद, संदीप नारंग, शेर जमा खान, शहजाद आदि सैंकडो लोग मौजूद रहे।