भैंसवाल रोड पर मंडी गेट के पास दो बदमाशों ने ग्राहक बनकर पेस्टीसाइड विक्रेता से मारपीट करके नकदी लूट ली। पीड़ित दुकानदार ने आदर्श मंडी थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शामली के पटेलनगर निवासी गौरव की भैंसवाल रोड पर मंडी गेट के पास पेस्टीसाइड और खाद की दुकान है। बुधवार दोपहर गौरव दुकान पर था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और खाद खरीदने की बात की। जैसे ही गौरव दुकान के भीतर गया, तभी दोनों युवकों ने गौरव पर हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट करके गौरव से 15 हजार रुपये लूटकर दोनों बदमाश फरार हो गए। इसके बाद आदर्श मंडी थाने पहुंचकर गौरव ने घटना के संबंध में तहरीर दी। पुलिस जांच करने में लगी हुई है।
रेलवे स्टेशन से पकड़ा प्रेमी युगल
शामली। झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी युवक और युवती फरार होने के बाद शामली रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। वहां से दिल्ली जाने की फिराक में थे। इसी दौरान परिवार वालों को युगल के बारे में सूचना मिली, तो वह भी रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। इसके बाद प्रेमी युगल को पकड़कर परिजन अपने साथ गांव ले गए। इस बारे में पुलिस को सूचना नहीं दी गई है।