शामली। जिले के कृषि विभाग की ओर से किसान पाठशाला में जिला पंचायत सदस्य अनुज चौहान ने कहा कि किसान कृषि की आधुनिक तकनीक से खेती करके आय में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
बुधवार को जिले के कृषि विभाग की ओर से कैैैराना क्षेत्र के हिंगोखेडी गांव के प्राथमिक विद्यालय में किसान पाठशाला का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य अनुज चौहान ने किया। कृषि विभाग के आत्मा के उप परियोजना डॉ. सुबोध कुमार द्वारा कृषि विभाग संचालित योजनाओं के बारे में किसानों को अवगत कराया। बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना में कलस्टर प्रदर्शन हेतु 7500 हेक्टेयर तथा कृषि यंत्रों पर 600 रुपये से एक लाख 50 हजार तक अनुदान दिया जाता है। सब मिशन आन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन योजना के तहत किसानों के खेत पर प्रदर्शन, फार्म स्कूल, कृषक भ्रमण, प्रशिक्षण आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
सब मिशन आन एग्रीकल्चर मैकेनाईजेशन योजना में कृषि यंत्रों, फार्म मशीनरी बैंक तथा कस्टम हायरिंग सेंटर पर अनुदान दिया जा रहा है। कृषि विशेषज्ञ विरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में अवगत कराया। किसान रबी की फसलों का बीमा 31 दिसंबर तक करा सकते है। रबी की फसल के बीजो पर गेहूं की दस साल तक की प्रजातियों पर कुल 1600 रुपये प्रति क्विंटल , दलहन की 15 वर्ष तक प्रजातियों पर कुल 4000 प्रति क्विंटल व तिलहन की प्रजातियों पर कुल 3300 रुपये प्रति क्विंटल का अनुदान दिया जा रहा है। किसान पाठशाला में जयवीर, बिजेंद्र सिंह, मांगेराम, सुधीर पंवार, शीशपाल प्रधान, जगपाल, सतीश, अशोक, ऋषिपाल, हरवीर सिंह, मोहकम, राजेश आदि मौजूद रहे।