शिक्षकों का पांचवें दिन भी जारी रहा धरना
अमर उजाला ब्यूूरो
शामली। छठवे वेतन का लाभ लेने के लिए शिक्षकों का धरना प्रदर्शन पांचवें दिन भी जारी रहा। शिक्षक संघ ने कोई निश्चित आश्वासन न मिलने के कारण रविवार को भी धरना जारी रखने का फैसला किया।
शनिवार को भी बनत स्थित बीएसए कार्यालय पिछले तीन वर्षों के बाद भी बढ़े हुए वेतन का लाभ न मिलने से शिक्षकों का धरना जारी रहा। शिक्षकों का कहना है कि डीएम के निर्देशों के बाद भी अभी तक मुजफ्फरनगर कार्यालय से वंचित शिक्षकों के विकल्प पत्र और सर्विस बुक नहीं मंगाई गई है। शिक्षकों का आरोप है कि कार्यालय पर किसी भी बाबू की स्थायी नियुक्ति नहीं है। सिर्फ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से काम कराया जा रहा है। जिस कारण आज तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। काफी शिकायतों के बाद भी आज तक बीएसए ने दोषी बाबू के खिलाफ कोई कार्रवाई नही की है।
इसके साथ ही शनिवार को प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गौरव कुमार ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया। उन्होंने बीएसए चंद्रशेखर से मिलकर समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराने की मांग की। धरने की अध्यक्षता सुनील चौधरी व संचालन अनीता मलिक ने किया। कार्यवाहक ब्लाक अध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि अभी तक कोई लिखित आश्वासन नहीं मिला है। जिस कारण रविवार को भी धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
वहीं, बीएसए चंद्रशेखर का कहना है कि डीएम के निर्देश के बाद विकल्प पत्रों की तलाश के लिए वित्त लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा कार्यालय मुजफ्फरनगर के कार्यालय में सोमवार को भूमेेश कुमार और प्रधान लिपिक अजयवीर को भेजा जाएगा। वहीं प्रकरण की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी एवं वित्त लेखाधिकारी की एक संयुक्त जांच कमेटी गठित की गई है। जल्द ही आख्या प्राप्त होने पर दोषी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सभी वंचित शिक्षकों को बढ़े हुए वेतन का लाभ मिलेगा।