गांव बुच्चाखेड़ी और ममौर में खुली बैठक का कोरम पूरा न होने के कारण दोनों गांवों में राशन की दुकान का आवंटन नहीं हो सका। अब अगली तारीख पर खुली बैठक होगी। वहीं, बृहस्पतिवार को गांव जहानपुरा और अलीपुर में खुली बैठक कर राशन की दुकानों का आवंटन किया जाएगा।
बुधवार को गांव बुच्चाखेड़ी व मामौर में प्रस्तावित खुली बैठक में राशन की दुकान का आवंटन किया जाना था। एडीओ ने बताया कि खुली बैठक के दौरान गांव के कुल मतदाताओं की संख्या का 20 प्रतिशत मौके पर मौजूद होना जरूरी है, लेकिन दोनों ही गांवों में खुली बैठक के दौरान ग्रामीण उतनी संख्या में नहीं पहुंचे। इस कारण खुली बैठक का कोरम पूरा नहीं होने पर अगली तारीख तक दुकानों का आवंटन स्थगित कर दिया गया।
मुंशाद के घर की कुर्की करने की तैयारी
कैराना। मैनपुरी जेल से फरार बदमाश मुंशाद के घर पर पुलिस ने न्यायालय से अनुमति मिलने पर कुर्की नोटिस चस्पा करा दिए। कांधला थाना क्षेत्र के गांव खंदरावली निवासी मुंशाद कुख्यात बदमाश मुकीम काला गैंग का शार्प शूटर है। वह छह माह पूर्व मैनपुरी जेल से फरार हो गया था। वहीं, कैराना कोतवाली से वह गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित है। एसएसआई अमन सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर गैंगस्टर के मुकदमे में मुंशाद के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा करा दिया गया है। यदि निर्धारित समय में वह कोर्ट में पेश नहीं होता या उसकी गिरफ्तारी नहीं होती है, तो न्यायालय से अनुमति लेकर उसके घर की कुर्की कराई जाएगी।
प्रेमी के घर जा पहुंची विवाहिता
कैराना। ससुराल से मायके में आई विवाहिता को उसके प्रेमी ने अपने घर पर रख लिया। विवाहिता के पिता ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया।
कैराना निवासी युवती की शादी हो चुकी है, जबकि पूर्व में कैराना निवासी युवक से उसका प्रेम प्रसंग था। युवती की शादी के बाद प्रेमी सऊदी अरब चला गया था। कुछ दिन पूर्व ही वह कैराना लौट आया। इसकी जानकारी होने पर विवाहिता भी ससुराल से मायके जाने की बात कहकर आई और मायके पहुंचने के बजाय वह प्रेमी के घर पहुंच गई। विवाहिता के पिता ने इसकी शिकायत कैराना कोतवाली पुलिस से की। बुधवार को पुलिस ने प्रेमी को पकड़ कर हवालात में डाल दिया। वहीं मामले में समझौते का प्रयास किया जा रहा है।