विद्युत निगम की टीम ने कस्बे के कई मोहल्ले में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम के लोगों ने 32 बकायादार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे और मीटरों की जांच की गई।
शुक्रवार को कस्बे में विद्युत अधिशासी अभियंता विजयपाल सिंह के आदेशानुसार अवर अभियंता रविशंकर ने टीम के लोगों के साथ डोर-टू-डोर चेकिंग अभियान चलाया। बताया कि उच्चाधिकारी के आदेश पर कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती, कांधला देहात, ईदगाह रोड, सलेमपुर मार्ग, मुस्तफाबाद में टीम के लोगों ने मीटर चेक किए। पूर्व में दो हजार से ज्यादा बकाया होने पर उपभोक्ताओं को दी गई चेतावनी के बाद भी विद्युत बिल जमा न कर पाने के कारण ऐसे 32 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन को काट दिया गया। जांच के दौरान टीम को कुछ उपभोक्ताओं के मीटर बंद मिले तथा कुछ के मीटर में खामियां मिलने पर मीटर किए गए। चेतावनी दी कि अगर मीटर में छेड़छाड़ पाई गई तो मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान चेकिंग टीम में फेरू, नौशाद, बिलाल, सोनू आदि मौजूद रहे। विभाग के द्वारा चेकिंग अभियान चलाए जाने से उपभोक्ताओं में खलबली मची रही।